कहते हैं कि प्यार में धर्म-जाति का भेद नहीं होता है। फिल्मों में हमेशा यह दिखाया जाता है कि प्यार करने की कोई उम्र नहीं होती है। इस प्यारे रिश्ते में रंगभेद, जात-पात, बड़ा-छोटा कद मायने नहीं रखता। लेकिन ऐसा नहीं है कि यह सब बातें सिर्फ बड़े पर्दे पर ही दिखाई जाती हैं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी मशहूर जोड़ियां हैं, जिन्होंने असल जिंदगी में जाति और धर्म से अलग हटकर अपने लाइफ पार्टनर चुने। आज हम कुछ ऐसी ही बॉलीवुड अभिनेत्रियों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं, जिन्होंने प्यार की खातिर न सिर्फ दूसरे धर्म में शादी की बल्कि उनके धर्म को अपना भी लिया।
अपने दौर की दमदार एक्ट्रेस मानी जाने वाली शर्मिला टैगोर एक हिंदू परिवार में जन्मी थीं। शर्मिला ने मशहूर क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी से शादी की थी। दोनों साल 1965 में एक-दूजे से मिले थे। शर्मिला को इस रिश्ते के लिए मनाने में मंसूर को करीब 4 साल का वक्त लग गया। दोनों ने एक दूसरे को समझने के बाद साल 1969 में शादी की थी। शादी के बाद शर्मिला टैगोर पटौदी खानदान की बेगम के नाम से जानी जाती हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने अपनी फिल्मी सफर में कई बेहतरीन मूवीज से दर्शकों का दिल जीता। अभिनेत्री ने कश्मीरी मुस्लिम बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर से वर्ष 2015 में शादी की थी। बता दें कि मोहसिन उर्मिला से उम्र में 9 साल छोटे हैं।
बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करीना कपूर अपनी एक्टिंग और दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। शादी से पहले करीना और सैफ ने एक दूसरे को 5 साल तक डेट किया था। अच्छे से एक दूसरे को जानने समझने के बाद करीना ने सैफ अली खान से साल 2012 में शादी की। बता दें कि सैफ अली खान मशहूर अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के बेटे हैं। वहीं करीना कपूर सैफ अली खान की दूसरी पत्नी हैं। हालांकि शादी के बाद अभिनेत्री ने अपना धर्म नहीं बदला। सैफ अली खान की पहली पत्नी अमृता सिंह हैं। दोनों की शादी करीब 12 साल चली थी। अमृता से इनको दो बच्चे सारा अली खान और इब्राहिम अली खान हैं। वहीं सैफ और करीना के दो बेटे तैमूर और जेह हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस आयशा टाकिया ने अपनी फिल्मी करियर के शीर्ष पर साल 2009 में ब्वॉयफ्रेंड बिजनेसमैन फरहान आजमी से निकाह कर लिया था। आयशा ने फरहान आजमी से शादी करने से पहले इस्लाम धर्म कबूला था और फिर दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार शादी की थी। बता दें कि फरहान आजमी समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के बेटे हैं।
सुतापा सिकंदर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में उनके बैचमेट रहे दिवंगत अभिनेता इरफान खान से तब निकाह किया था जब इरफान के पास खाने के लिए लाले पड़े थे। तब उस दौर में सुतापा ने इरफान को सहारा दिया था। सुतापा को इरफान से पढ़ाई के दौरान प्यार हुआ और दोनों ने एक दूसरे से शादी करने का फैसला कर लिया। इन दोनों के दो बच्चे भी हैं जिनका नाम बाबिल और आर्यन है।
बॉलीवुड की छैयां छैयां गर्ल मलाइका अरोड़ा ने सलमान खान के छोटे भाई अरबाज खान से 1998 में शादी की थी। दोनों ने एकदूसरे को देखते ही दिल दे दिया था। यह वह दौर था जब मलाइका एक बेहतरीन मॉडल थीं और अरबाज खान का कोई करियर नहीं था। मलाइका बॉलीवुड में अपने आइटम डांस के लिए जानी जाती हैं। दोनों का एक बेटा भी है। हालांकि मलाइका अब अरबाज को अब तलाक दे चुकी हैं।