नई दिल्ली. दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल के अंतर्गत न्यू अशोक नगर में निर्माणाधीन रैपिड रेल स्टेशन के साथ तीन फुट ओवरब्रिज होंगे। इससे यहां कनेक्टिविटी (संपर्क) मजबूत और बेहतर होगी। रैपिड रेल के साथ यहां मेट्रो स्टेशन भी है। फुट ओवरब्रिज बन जाने से लोग रैपिड रेल स्टेशन से मेट्रो स्टेशन के आवाजाही कर सकेंगे। यहां एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन) की ओर से रैपिड रेल स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। यह स्टेशन पिलर पर बनाया जा रहा है। इसकी ऊंचाई 22 मीटर होगी। रैपिड रेल स्टेशन का निर्माण मौजूदा अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के बहुत करीब किया जा रहा है। इनके बीच दूरी महज 100 मीटर है।
परिवहन के दोनों साधनों के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए दोनों स्टेशनों के बीच में 90 मीटर लंबे और छह से 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसकी ऊंचाई जमीन से लगभग आठ मीटर होगी। इसके जरिये यात्री स्टेशन परिसर से बाहर निकले बिना ही दोनों परिवहन साधनों में से किसी एक का प्रयोग कर सकते हैं। इससे सड़क पर भीड़भाड़ कम होगी। यह विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और अधिक सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों के लिए आरामदायक होगा।
चिल्ला गांव और मयूर विहार एक्सटेंशन के आस-पास के इलाकों को जोड़ने के लिए भी 42 मीटर लंबा और 6.5 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा, स्टेशन की दूसरी तरफ न्यू अशोक नगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए प्राचीन शिव मंदिर के पास 45 मीटर लंबा और आठ मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
बता दें कि न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री नोएडा से आते हैं। इन्हें भी फुट ओवरब्रिज का लाभ मिलेगा। भविष्य में मेरठ या हवाई अड्डे जाने के लिए उन्हें आनंद विहार या सराय काले खां स्टेशन जाने के बजाय न्यू अशोक नगर से ही सीधी रैपिड रेल मिल सकेगी।