मेरठ। टोक्यो ओलिंपिक्स में रोइंग में प्रतिभाग कर बुलंदशहर के अरविंद सोलंकी ने उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया था। अब अरविंद के साथ उत्‍तर प्रदेश के तीन और खिलाड़ी वर्ल्ड रोइंग कप-प्रथम में प्रतिभाग करेंगे। इनमें मेरठ के नौकायन खिलाड़ी आशीष फोगाट भी शामिल हैं। रोइंग का पहला वर्ल्ड कप सर्बिया में 27-29 मई को और दूसरा वर्ल्ड कप 12 से 18 जून को पोलैंड में होगा। आशीष लाइट वेट डब्लस स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जीत चुके हैं दो एशियन चैंपियनशिप पदक
मेरठ में करनावल गांव के रहने वाले आशीष ने वर्ष 2017 में थाईलैंड में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद अपने जोड़ीदार पंजाब के सुखविंदर के साथ 2021 में थाईलैंड में ही हुई एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। इसी वर्ष फरवरी में पुणे में हुई राष्ट्रीय स्पर्धा में रजत जीता। इसके अलावा आशीष एक वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। उनका चयन दो वर्ल्ड कप के लिए हुआ है जिसमें दुनिया के तमाम देश हिस्सा लेंगे।

ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी से पहुंचे सेन
किसान ऋषिपाल फोगाट के पुत्र आशीष वर्ष 2015 में रुड़की छावनी में स्थित सेना की रोइंग की ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी में भर्ती हुए थे। यहीं पर उन्होंने रोइंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। यहां तीन साल पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद वर्ष 2018 सेना में भर्ती हुए। वर्तमान में हवलदार के पद पर रहते हुए आशीष खेल का प्रशिक्षण ले रहे हैं और भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

ये हैं सर्बिया में दम दिखाने वाले प्रदेश के रोइंग खिलाड़ी
मेरठ। खुर्जा के गांव खबरा निवासी 24 वर्षीय नौकायन खिलाड़ी अरविंद सोलंकी का वर्ल्ड रोइंग कप-प्रथम के लिए चयन होने पर स्वजन एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता के लिए घोषित भारतीय टीम में उनके सहित उत्तर प्रदेश के चार खिलाड़ी शामिल हैं।

इनमें मेरठ के आशीष फोगाट, मुजफ्फरनगर के पुनीत बालियान और मोदीनगर के अजय त्यागी हैं। उक्‍त चारों खिलाड़ी भारतीय सेना में कार्यरत हैं। अरविंद, पुनीत और आशीष ने इसी वर्ष थाइलैंड में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में पदक जीता है।

भारतीय रोइंग टीम जनवरी से पुणे में अभ्यास कर रही थी। इस समय टीम मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित एक माह के इंडिया कैंप में कुशल प्रशिक्षकों के नेतृत्व में वर्ल्ड रोइंग कप की तैयारी में जुटी है।