मेरठ. मेरठ में कांवड़ लेकर जाने वाले शिव भक्त हर बार नया प्रयोग करते हैं। दो साल बाद कांवड़ लाने जा रहे भक्तों में इस बार उत्साह देखते ही बन रहा है। सदर के ओम शिव कांवड़ संघ और ओम शिव महाकाल सेवा समिति द्वारा इस बार बुलडोजर वाली कांवड़ बनाई जा रही है। समिति के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कांवड़ तैयार करने का कार्य जोरों पर चल रहा है।
15 फुट ऊंची कांवड़ में दोनों ओर दो बुलडोजर लगाए जाएंगे। यह तीन फुट के होंगे। बताया कि महंगाई के चलते दोनों समिति के सदस्य संयुक्त रूप से कांवड़ लाएंगे। बुलडोजर वाली कांवड़ का संदेश यही है अराजकता का सफाया हो। सदर निवासी बाबर खान की अगुवाई में कांवड़ बनाने का कार्य चल रहा है। मुसलिम समुदाय के कारीगर कांवड़ को आकार देने में लगे हैं। सवा लाख रुपये की लागत से कांवड़ तैयार होगी। डीजे के साथ 45 भक्तों का जत्था 17 को हरिदवार के लिए रवाना होगा। ईशान कश्यप, सागर गोयल, सनी यादव, प्रवीन कुमार, गौरव कुमार तैयारियों में जुटे हैं।
इस बीच मेरठ में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। रूटमैप के अनुसार ही कांवड़िये मार्ग से गुजर सकेंगे। मार्गों पर संकेतक लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा सरकारी वाहनों में भी जीपीएस सिस्टम लगाए जाने की तैयारी हो रही है। यह इसलिए किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा में ड्यूटी के नाम पर खानापूरी न की जाए। जीपीएस सिस्टम से संबंधित अधिकारी की तुरंत लोकेशन ट्रेस हो जाएगी। पिछले दो साल से कोविड के चलते कांवड़ यात्रा नहीं हो पाई थी। इस बार सबकुछ सही होने पर शिवभक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होना तय है।
कांवड़ का बड़ा आयोजन होने की वजह से पूरा सरकारी अमला इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है। दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंस कर प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली थी। कांवड़ियों पर इस बार भी हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने की तैयारी है। हरिद्वार से आने वाले कांवड़िये सकौती से जनपद में दाखिल होंगे।
इन मार्गों पर गड्ढे और विद्युत खंभों पर पॉलीथिन लगाने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करा दिया गया है। प्रशासन ने इस बार कांवड़ यात्रा में ड्यूटी देने वाले अफसरों को जीपीएस से लैस वाहन रखने का फैसला लिया है। पहले इस तरह की शिकायतें मिलती रही हैं कि अधिकारी ड्यूटी से गायब हो जाते हैं। इस बार जीपीएस से उनकी लोकेशन ट्रैस की जा सकेगी।