कीव. रूस-यूक्रेन जंग का आज 35वां दिन है। इस दिन के साथ युद्ध विराम की उम्मीद भी जगी है। दरअसल, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को इस्तांबुल में मिले थे। यहां कीव और चर्नीहीव पर हमले कम करने को लेकर सहमति बनी। वार्ता के बाद पुतिन और जेलेंस्की के बीच सीधी मुलाकात की उम्मीद भी जगी है।
रूसी विदेश मंत्री भी आ सकते हैं भारत
यू्क्रेन पर अपने आक्रमण को सही साबित करने के लिए रूस की ओर से कूटनीतिक पहल शुरू हो गई है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई इन दिनों चीन के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अब वह भारत भी आ सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि वह गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक भारत आ सकते हैं। उधर, उनके दौरे से पहले 30 मार्च को अमेरिका के डिप्टी एनएसए दलीप सिंह भारत आ रहे हैं।
भारत आएंगे बाइडन के शीर्ष सलाहकार दलीप सिंह
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के शीर्ष सलाहकार दलीप सिंह दो दिवसीय भारत यात्रा पर आएंगे। व्हाइट हाउस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन के खिलाफ रूस की ओर से छेड़ी गई जंग और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव पर वह अपने समकक्षों से बातचीत करेंगे।
पूरे यूक्रेन पर गिराए गए बम
एक तरफ रूस में यूक्रेन के कीव व चर्नीहीव में हमले कम करने का वादा किया है। लेकिन दूसरी तरह पूरे यूक्रेन में उसने बमबारी जारी रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कीव, जाइतोमिर, खारकीव देनिप्रो, पोल्टावा में कई जगह धमाकों की आवाज सुनाई दी।
पुतिन-जेलेंस्की में हो सकती है मुलाकात
इस्तांबुल में मंगलवार को दोनों देशों के नेताओं के बीच मुलाकात हुई थी। इसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध विराम की उम्मीद नजर आई है। खबरों की मानें तो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सीधी बातचीत हो सकती है।
कीव और चर्नीहीव में सैन्य अभियान कम करेगा रूस
जंग का आज 35वां दिन है। मंगलवार को रूस-यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच इस्तांबुल में बातचीत हुई। इस दौरान रूस ने कीव और चर्नीहीव में सैन्य अभियान कम करने का एलान किया है।
यूक्रेन के मायकोलायिव शहर पर रूस ने मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में अब तक 12 लोगों की मौत चुकी है। वहीं इमारत गिरने से 35 लोग घायल भी हुए हैं।