मेरठ। सराफा बाजार में निवेश कर बड़े मुनाफे का झांसा देकर जीजा और बहन से करीब एक किलो सोना और 8.30 लाख रुपये हड़पने के दो आरोपियों चेतन वर्मा उर्फ विक्की और संजीव वर्मा को देहली गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोना और रुपये वापस मांगने पर आरोपी दंपती को जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी राजकुमार वर्मा बैंक से रिटायर हैं। एक सितंबर को उन्होंने देहली गेट थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि उनके सगे साले चेतन वर्मा उर्फ विक्की और संजीव वर्मा निवासी विश्व एनक्लेव थाना टीपीनगर की दुकान देहली गेट क्षेत्र में कालीचरण मार्केट कच्ची सराय सराफा बाजार में है। इन दोनों ने सराफा बाजार में निवेश पर बड़े मुनाफे का झांसा देकर उनसे लगभग 990 ग्राम सोना ले लिया। पीड़ित ने बैंक से लोन लेकर सोना खरीदा था।
नकद और चेक के माध्यम से 8.30 लाख रुपये भी आरोपियों ने ले लिए। उनकी पत्नी से भी जरूरत के नाम पर करीब 90 ग्राम सोने के गहने ले लिए थे। ये गहने एक-दो दिन में वापस करने का वादा किया था। लेकिन कई महीने बाद भी वापस नहीं किए। इस दौरान पीड़ित को होम लोन की जरूरत पड़ी तो आरोपियों ने कहा कि किश्त हम दे देंगे। शुरुआत में कुछ किश्त आरोपियों ने दी भी, लेकिन फिर बंद कर दी।
इसके बाद किश्त की रकम राजकुमार वर्मा की पेंशन से कटने लगी। इससे परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया। सोना और रकम वापस मांगने पर पहले आरोपी टरकाते रहे और फिर धमकी देने लगे। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।