मेरठ| 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम में सारे जातीय समीकरणों को साधा है। भाजपा ने जिन जिलों में जिला अध्यक्षों की सूची जारी की है, उसमें दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, ठाकुर, ब्राह्मण, जाट, त्यागी, गुर्जर, वैश्य अल्पसंख्यक समाज समेत सभी को साधा गया है। 19 लोगों की सूची में एक दलित, एक अति पिछड़ा, दो ब्राह्मण, दो पिछड़ा, चार ठाकुर, एक त्यागी, दो सैनी, दो जाट, एक जैन, एक वैश्य और दो गुर्जर शामिल हैं।
इनमें रामपुर में दलित समाज से हंसराज पप्पू को जिम्मेदारी दी गई है। मुरादाबाद महानगर में संजय शर्मा ब्राह्मण, मुरादाबाद जनपद में आकाश पाल अति पिछड़ा समाज से हैं। अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी पिछड़ा, बिजनौर में भूपेंद्र चौहान ठाकुर समाज से हैं। त्यागी समाज को साधने के लिए सहारनपुर महानगर में पुनीत त्यागी को अध्यक्ष बनाया गया हैं। सहारनपुर जनपद में महेंद्र सैनी और मुजफ्फरनगर में सुधीर सैनी को जिम्मेदारी दी गई हैं।
बागपत में वेदपाल उपाध्याय पिछड़ा समाज से हैं। शामली में तेजेंद्र निर्वाल जाट समाज से हैं। गाजियाबाद महानगर में संजीव शर्मा ब्राह्मण, गाजियाबाद जनपद में सतपाल प्रधान गुर्जर समाज से हैं। नोएडा महानगर में मनोज गुप्ता वैश्य, गौतमबुधनगर जनपद में गजेंद्र मावी गुर्जर, बुलंदशहर में विकास चौहान ठाकुर समाज से हैं।
वहीं, संभल में हरेंद्र सिंह जाट और हापुड़ जनपद में नरेश तोमर ठाकुर समाज से हैं। मेरठ जनपद में शिवकुमार राणा ठाकुर और महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज जैन अल्पसंख्यक समाज से हैं। इस तरह भाजपा ने पश्चिम में सभी जातिगत समीकरणों का ध्यान रखा है।
नोएडा महानगर, गाजियाबाद महानगर और सहारनपुर जनपद को छोड़कर सभी 16 जिलों में नए पदाधिकारी बनाए गए हैं। वहीं, भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हर जिले में ऐसा गणित बैठाया है कि कही इंडिया (गठबंधन) टेंशन में न आ जाए।