उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, लेकिन जब उसे श्मशान घाट ले जाया जा रहा था तो वह जिंदा उठकर खड़ी हो गई। जानकारी के मुताबिक हरिभेजी नाम की 81 साल की महिला को ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसे डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया।

महिला की मौत होने के बाद उसके परिवार के सदस्य उसे अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। इस बीच अचानक मृत महिला ने अपनी आंखें खोल ली जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। महिला को सकुशल घर लेकर आया गया। इस बीच ये खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। लेकिन अगले दिन महिला की दोबारा मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक महिला को 23 दिसंबर को फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, जब उसे श्मशान घाट ले जाया जा रहा था, तब उसने अपनी आंखें खोलीं। उसकी हालत खराब थी और बुधवार को उसकी मौत हो गई।

दोबारा मौत के बाद उनके बेटे सुग्रीव सिंह ने उनका अंतिम संस्कार किया। मीडिया से बात करते हुए उनके बेटे ने बताया कि उनकी मां जिंदा थी लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।