नई दिल्ली.पहाड़ों में भारी बर्फबारी और मैदानों में छिटपुट बारिश ने ठंड को बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर के कश्मीर में मंगलवार को श्रीनगर को छोड़कर पर सभी जिलों में पारा शून्य से नीचे रहा। हिमाचल में भी जगह-जगह बर्फबारी से मौसम सर्द हुआ। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को दिन भर होती रही छिटपुट बारिश से पारा लुढ़ककर 9.4 डिग्री पर रहा जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 18 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो तीन दिन ठंड बढ़ेगी और पारा 5 डिग्री तक पहुंचेगा।

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से ठंड काफी बढ़ गई है। साथ ही लोगों को यातायात में परेशानियां को सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पर्यटकों के चेहरे पर यह बर्फबारी खुशी लेकर आई है।

राजधानी दिल्ली में बढ़ती ठंड से बचने के लिए लोग कई जगह आग ताप रहे हैं तो कई जगह लोग चाय पीकर खुद को ठंड से बचा रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि जब से बारिश हुई है तब से ठंड काफी बढ़ गई है, हमे इससे काफी परेशानी हो रही है।

वहीं मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि दिल्ली में अब बारिश की संभावना नहीं है। अब न्यूनतम तापमान गिरना शुरू होगा और 31 दिसंबर-1 जनवरी को ठंड बढ़ने का अनुमान है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली में 5 से 6 जनवरी के बीच बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हो रही बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। लखनऊ, कानपुर, हरदोई, उन्नाव, कौशांबी, इलाहाबाद, झांसी समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए रहे और दोपहर होने तक बारिश शुरू हो गई। इससे गलन बढ़ गई और तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के बचे दिनों में बदली रहेगी। सूर्यदेव का दर्शन मुश्किल होगा। मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान बांदा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान वाराणसी में 23.8 डिग्री और बलिया में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। एक्यूआइ 249 दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों तक बारिश से मौसम खराब रहेगा। साथ ही शीतलहर की वजह से ठिठुरन रहेगी। हालांकि, बारिश से प्रदूषण में कमी आने से मौसम साफ नजर आ सकता है।