मेरठ। सिरफिरे पति ने पत्नी से हुए घरेलू विवाद के बाद उसको कॉलगर्ल बताते हुए सोशल मीडिया और पोर्न ग्रुप में तस्वीर वायरल कर दी। परेशान पत्नी ने थाने में तहरीर दी है। पति की इस करतूत से परेशान पत्नी अब कार्रवाई के लिए थाने के चक्कर काट रही है। वहीं पति ने फोटो के साथ मोबाइल नंबर भी डाल दिया था। जिसके बाद से महिला के पास लगातार फोन आ रहे हैं। उसने अपना मोबाइल अब स्विच आफ कर लिया है।
मामला मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र का है। जहां एक महिला की सोनू नाम के युवक से तीन साल पहले शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद होने लगा। पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला थाना में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में ही रह रही थी। पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन का दौर चल रहा था। पत्नी का आरोप है कि उनके पति ने बदनाम करने की नियत से उसे कॉलगर्ल बताकर उनकी तस्वीर को अलग-अलग ग्रुप में शेयर कर दिया। कुछ तस्वीरों को पोर्न साइटों पर भी डाल दिया।
महिला के पास जब फोन आने लगे तो उसको अपने पति की करतूत का पता चला। उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। समाज के डर के चलते कार्रवाई की आस में पहले महिला अपने परिजनों को लेकर थाना मुंडाली पहुंची्। आरोपी मेरठ के अजराड़ा में रहता है। पीड़िता का कहना है कि अब पति उसके फोटो सोशल मीडिया में कॉलगर्ल बताकर वायरल कर रहा है। इससे उसकी और पूरे परिवार की बदनामी हो रही है। पीड़िता ने मुंडाली थाने में तहरीर देकर आरोपी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।