मेरठ| सितंबर में भी गर्मी का सितम कम होता नहीं दिख रहा है। सुबह से लेकर शाम तक उमस भरी गर्मी में पसीने छूट रहे हैं। शनिवार दोपहर को हालांकि मौसम में कुछ नरमी नजर आई। मेरठ में आसमान में बादल छा गए तो शामली और बागपत में भी मौसम बदल गया। शामली में तेज बारिश हुई है, उप मुख्यमंत्री का भी आज जिले में दौरा है वे बारिश के बीच ही जिले में पहुंचे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बागपत में डिप्टी सीएम को बैठक करनी है लेकिन मौसम के तेवर बदलने के कारण यहां उनका दौरा स्थगित होने की संभावना है।

शामली में आज सुबह से आसमान बादलों से पट गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते बारिश शरू हो गई। डिप्टी सीएम बारिश के बीच ही जिले में पहुंचे हैं। हालांकि बारिश ने भीषण गर्मी से राहत जरूर दिलाई है।

बागपत में शनिवार को मौसम ने अचानक से करवट ले ली। सुबह से ही बादल आसमान में छा गए और दोपहर तक अंधेरा छा गया। इसके बाद हल्की बारिश हुई। इस दोरान वाहनों को सड़कों पर दिन में लाइट ऑन कर गुजरना पड़ा। वहीं आज जिले में मौसम खराब होने के कारण डिप्टी सीएम का कार्यक्रम हो सकता है रद्द। मौसम की अधिकारियों से लगातार जानकारी ली जा रही है।

मुजफ्फरनगर में भी आज सुब से एकाएक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। दोपहर के समय आसमान में बादल छा गए। जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई है।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो मेरठ में शुक्रवार का दिन भी सुबह से ही गर्म रहा। उमस के ज्यादा होने से गर्मी का अहसास बढ़ रहा है। रात के समय थोड़ी राहत जरूर है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 34.4 व रात का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

धीरे-धीरे एक्यूआई में भी बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 77 दर्ज किया गया। जयभमीनगर में 73, गंगानगर में 88, पल्लवपुरम में 71, बेगमपुल पर 92 और दिल्ली रोड पर 98 एक्यूआई दर्ज किया गया।

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही ने बताया कि 25 सितंबर को हल्की बारिश होने से तापमान गिर सकता है। हालांकि इससे पहले ही मौसम में बदलाव नजर आ रहा है।