मौसम के मिजाज में फिर से बदलाव दिखने लगा है। आने वाले तीन-चार दिन तक मौसम में काफी उतार-चढ़ाव दिख सकता है। अगले तीन दिन जहां 20 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की आशंका है, वहीं 27-28 मई को बारिश फिर हो सकती है। यही नहीं, 24 से 48 घंटे में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम वेधशाला पर रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 71 एवं न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत दर्ज की गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि चक्रवाती तूफान यास का असर बिहार, बंगाल, झारखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश में ही रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अभी तक मानसून अपनी रफ्तार से चल रहा है। चक्रवाती तूफान और अन्य सहयोगी मौसमी हलचल को देखते हुए केरल में मानसून 29 या 30 मई को आ सकता है रविवार को हवा में उड़ रहे धूल के कणों के कारण मेरठ की हवा ज्यादा खराब हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अचानक 252 पहुंच गया। इस दौरान मुजफ्फरनगर का एक्यूआई 210 बागपत का 237 और गाजियाबाद का 227 रिकॉर्ड किया गया।