नई दिल्ली: देश के जाने-माने कारोबारी और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा अपने अनोखे ट्वीट्स के लिए जाने जाते हैं। वे गांवों-कस्बों में रह रहे आम आदमी के छोटे-छोटे कामों में भी बड़ी-बड़ी सीख निकाल लाते हैं। शायद ही कोई ऐसा आनंद महिंद्रा का ट्वीट हो जो वायरल नहीं होता हो। ऐसा ही एक महिंद्रा का हालिया ट्वीट भी वायरल हो रहा है। इस ट्वीट में महिंद्रा ने एक वीडियो पोस्ट की है। इस वीडियो में पांच पीढ़ियों का संगम है। इस वीडियो में आप पांच पीढ़ियों को एक साथ देख सकते हैं। वीडियो में एक छोटा बच्चा होता है, जो अपने पापा को बुलाता है। फिर वह व्यक्ति अपने पापा को अपने पास बुलाता है। इस तरह चार लोग अपने पापा को अपने पास बुलाते हैं और पांच पीढ़ियां एक साथ खड़ी दिखाई देती हैं।

आनंद महिंद्रा इस वीडियो से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि पांच पीढ़ियों का एक साथ होना वास्तव में एक वरदान है। महिंद्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘ऊपर वाले का क्या आशीर्वाद है। पांच पीढ़ियां एक साथ। मैं यह जानने को उत्सुक हूं कि दुनिया में कितने ऐसे परिवार होंगे, जिनके पास पांच पीढ़ियां एक साथ होने का सौभाग्य होगा। जहां माता और पिता साथ रहते हों। भारत से इस तरह के वीडियो देखना काफी सुखद होगा।’


कई लोगों ने पोस्ट की अपने परिवार की फोटो
महिंद्रा की इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी परिवार की फोटो के साथ कॉमेंट्स किए हैं। संदीप नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘सर, किसी दिन हमारे घर आइए और हमारे परिवार की पांच पीढ़ियों के साथ लंच कीजिए। आप इस पांच पीढ़ियों वाले परिवार को थार भी गिफ्ट कर सकते हैं।’ संदीप ने एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने अपनी दादी को पोती के साथ बात करते हुए दिखाया है।

इसी तरह एक अन्य यूजर ने भी अपने परिवार में पांच पीढ़ियां एक साथ होने का दावा किया। उन्होंने एक फोटो भी पोस्ट की है। इसमें चार कपल और एक बच्चा दिखाई दे रहा है। इसी तरह कई लोगों ने अपने परिवार में पांच पीढ़ियां एक साथ होने का दावा किया है।