कौशाम्बी। कौशाम्बी में एक बाप ने शादी के नाम पर जवान बेटी का सौदा एक उम्रदराज आदमी से किया लेकिन बेटी ने जब शादी से मना कर दिया तो उसे छह महीने से घर में बंधक बना रखा है। युवती की मां 19 साल पहले ही गुजर गई थीं जिसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। लड़की ने कहीं से मोबाइल फोन का इंतजाम करके अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए वायरल कर दी है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच चल रही है।

जानकारी के अनुसार पइंसा थाना क्षेत्र की एक लड़की को पिता ने बेचने का प्रयास किया। विरोध करने पर बेटी को घर में बंधक बना लिया। लड़की तकरीबन छह महीने से घर में ही कैद है। लड़की ने आरोप लगाया है कि पिता और सौतेली मां उसे जब-तब पीटते हैं। ठीक से खाना तक नहीं दिया जाता। लड़की ने हाल ही में चुपके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो इलाके में वायरल हो गया है। पुलिस अब जांच में जुटी है।

वीडियो में लड़की ने बताया है कि उसकी मां की 2005 में मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद पिता ने उसका ध्यान देना बंद कर दिया और सौतेली मां रोज तंग करने लगी। लड़की ने कहा है कि उसने दूसरे के घरों में मजदूरी करके किसी तरह बीएससी तक की पढ़ाई पूरी की है। अब बाप विवाह का झांसा देकर उसका सौदा एक उम्रदराज आदमी के साथ करना चाहता है। लड़की ने इस शादी का विरोध किया तो छह महीने पहले पिता ने उसे घर के एक कमरे में बंद कर दिया।

लड़की ने कहा है कि कमरे में उसे भूखा-प्यासा रखा जाता है। खाना मांगने पर सौतेली मां गाली देती है। शोर करने पर मां-बाप दोनों मिलकर पीटते हैं। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पइंसा थाना के प्रभारी अजय यादव का कहना है कि प्रकरण पुलिस के संज्ञान में है। पूरे मामले की जांच चल रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।