नई दिल्ली. मारुति की ओर से सबसे ज्यादा कारों में सीएनजी का विकल्प दिया जाता है। अगर आप भी अपने लिए देश की सबसे बड़ी कंपनी की सीएनजी कार को ढूंढ रहे हैं तो हम इस खबर में सबसे ज्यादा एवरेज देने वाली पांच कारों की जानकारी दे रहे हैं।
मारुति की सबसे सस्ती सीएनजी कार है ऑल्टो 800। इसकी एक्स शोरूम कीमत 5.03 लाख रुपये है। यह कार एक किलो सीएनजी में 31.59 किलोमीटर का सफर तय करती है। कंपनी की ओर से इस कार में तीन सिलेंडर का 796 सीसी का इंजन दिया जाता है जो 40.36 हॉर्स पावर और 60 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है।
मारुति की ओर से एस प्रेसो को एसयूवी जैसे डिजाइन के साथ पेश किया जाता है। 5.90 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत में इसका एलएक्सआई सीएनजी वैरिएंट मिलता है। इस कार में 998 सीसी का पेट्रोल इंजन दिया जाता है। इस इंजन से कार को सीएनजी में 55.92 हॉर्स पावर और 82.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके एवरेज की बात करें तो यह एक किलो सीएनजी में 32.73 किलोमीटर तक चलती है।
ऑल्टो के10 का सीएनजी वैरिएंट में हाल में ही लॉन्च किया गया है। कंपनी के मुताबिक सीएनजी का विकल्प सिर्फ वीएक्सआई वैरिएंट में ही मिलता है। जिसकी एक्स शोरूम कीमत 5.94 लाख रुपये है। इस कार में 998 सीसी का पेट्रोल इंजन दिया जाता है। इस इंजन से कार को सीएनजी में 55.92 हॉर्स पावर और 82.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके एवरेज की बात करें तो यह एक किलो सीएनजी में 33.85 किलोमीटर तक चलती है।
मारुति की सबसे ज्यादा पापुलर हैचबैक है वैगन आर। यह हैचबैक एक किलो सीएनजी में 34.05 किलोमीटर तक चलाई जा सकती है। इसके सीएनजी वैरिएंट में एक लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है। जिससे कार को 55.92 हॉर्स पावर और 82.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके सीएनजी वाले एलएक्सआई वैरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 6.42 लाख रुपये है।
मारुति की ओर से कुछ समय पहले ही सेलेरियो के नए अवतार को पेश किया गया है। यह कार सीएनजी में भी आती है और कंपनी की सभी सीएनजी कारों में सबसे ज्यादा एवरेज देती है। इस कार को एक लीटर सीएनजी में 35.60 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। इसमें वीएक्सआई वैरिएंट में ही सीएनजी का विकल्प मिलता है। जिसकी एक्स शोरूम कीमत 6.69 लाख रुपये है। इस कार में 998 सीसी का इंजन दिया गया है जिससे कार को 55.92 हॉर्स पावर और 82.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है।