पत्नी ने मायके से ससुराल जाने के किए मना किया तो पति आपा खो बैठा। इसके बाद युवक ने पत्नी का गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर महिला की जान ले ली। इसके बाद मृतक महिला के मायके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्यारोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

मरने वाली प्रियंका (20) स्व. पाल सिंह की पुत्री थी। चार-पांच माह पहले उसकी शादी बिजनौर के धामपुर निवासी कृष्ण कुमार के साथ हुई थी। करीब तीन माह से वह अपने मायके कोरी माजरा में रह रही थी। प्रियंका चाहती थी कि कृष्ण कुमार सहारनपुर में रहकर ही काम करे। वह ससुराल नहीं जाना चाहती थी। कृष्ण कुमार तीन दिन पूर्व ही प्रियंका को लेने कोरी माजरा आया था। रविवार दोपहर दोनों के बीच धामपुर जाने को लेकर विवाद हुआ और कृष्ण कुमार ने प्रियंका की हत्या कर दी।

शहर से सटे गांव कोरी माजरा में मामूली विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने गला दबाने के बाद चाकू से भी वार किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके से चाकू बरामद किया है। मृतका की बहन ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार की दोपहर धामपुर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान कृष्ण कुमार ने मारपीट करते हुए प्रियंका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही गर्दन पर चाकू मारने की भी कोशिश की। क्योंकि, गर्दन पर निशान मिले हैं और खून लगा चाकू भी घटनास्थल पर पड़ा मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और खून लगा चाकू बरामद किया है। मृतका की बड़ी बहन उपासना ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उपासना ने दहेज की खातिर हत्या करने का भी आरोप लगाया है। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रियंका के मां-बाप नहीं है और न ही कोई भाई है। उसकी एक बड़ी बहन उपासना और उससे छोटी ऋतु है, जिस समय वारदात हुई, तब उपासना नौकरी पर गई थी। बहन की मौत का पता लगते ही दोनों बहनें घर पहुंच गईं और कोहराम मच गया। उपासना का कहना है कि दहेज की खातिर भी प्रियंका के साथ मारपीट की जाती थी। इसी के चलते अब उसकी हत्या कर दी गई।

जिस समय वारदात हुई, उस समय प्रियंका की बड़ी बहन उपासना की छह वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय बेटा घर में दूसरे कमरे में थे। उनको भी घटना के बारे में बाद में ही पता चला। पुलिस ने बच्चों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। विवाहिता की हत्या का पता लगते ही उनके घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ नीरज कुमार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।