बरेली। बरेली के थाना प्रेम नगर इलाके में बृहस्पतिवार की रात जुलूस में ड्यूटी कर रही महिला सिपाही से कुछ युवकों ने छेड़खानी कर दी। इसके बाद आरोपी भागने लगे। इनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। तीन आरोपी फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस जुटी है।

बताया जा रहा है कि कोहाड़ापीर चौकी क्षेत्र में महिला सिपाही पेट्रोल पंप के पास ड्यूटी कर रही थी। तभी एक कार में सवार पांच लोग नशे की हालत में आए। आरोप है कि इन लोगों ने महिला सिपाही के साथ छेड़खानी कर दी। महिला सिपाही इन लोगों को पकड़ने दौड़ी तो वह फिसल गई।

सड़क पर गिरने से सिपाही के घुटनों में चोटें आईं। इस बीच आरोपी भागने लगे तो पुलिसकर्मियों ने दो युवकों को पकड़ लिया गया। बाकी तीन आरोपी भाग गए। मौके पर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी पहुंचे। बताया जा रहा है कि यह लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर कार से आ रहे थे।

आरोपियों की कार से शराब की बोतल बरामद हुई हैं। दोनों युवकों से पुलिस ने पूछताछ की। इनमें से एक युवक ने खुद को सेना का सिपाही बताया। इनसे जानकारी जुटाकर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। महिला सिपाही का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है।