मेरठ। मनचलों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है। बेगमपुल पर महिला से दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर पीड़िता की पिटाई कर दी। आसपास के लोग दौड़े और मनचलों को पकड़कर धुन दिया। आबूलेन चौकी से पुलिस पहुंची और दोनों को थाने भेज दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी महिला घरों में काम करती हैं। शनिवार को वह पल्लवपुरम स्थित एक शादी के घर में काम करने गई थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे वह आटो से लौट रहीं थीं। जैसे ही बेगमपुल पर पहुंची तो आटो से उतरकर आइस्क्रीम खाने लगीं। तभी दो मनचले आए और उनसे छेड़छाड़ कर दी। उन्होंने आरोपित को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। इस पर दोनों युवकों ने उन पर हमला बोल दिया।
सरेराह मारपीट होती देख लोग दौड़े और युवकों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। जानकारी पर आबूलेन चौकी से सिपाही दौड़कर पहुंचे और युवकों को छुड़ाया। इसके बाद जीप बुलाकर दोनों को थाने भेज दिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सोनू और दीपक बताए। थाना प्रभारी देव सिंह रावत ने बताया कि दो युवकों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। किसी ने तहरीर नहीं दी है।