नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो के आए दिन कितने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। कोई सीट को लेकर झगड़ता दिखाई देता है तो कोई नाचते गाते मनोरंजन करता नजर आता है। एक बार फिर एक वीडियो सामने आया है। लेकिन इस बार ये वीडियो कुछ अलग है। इस वीडियो में कुछ महिलाएं गाना गातीं और डांस करतीं नजर आ रही हैं। खास बात यह की इन सभी महिलाओं ने घूंघट डाला हुआ है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

वीडियो मेट्रो के महिला कोच की है जिसमें 4-5 महिलाएं घूंघट डालकर लोक गीतों पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वहीं कुछ महिलाएं जमीन पर बैठी नजर आ रही है। ये वीडियो इंस्टाग्राम पर snaxxy555 नाम के अकाउंट से शेयर की गई है। हालांकि सोशल मीडिया यूजर्स के इस पर मिले जुले कमेंट आ रहे हैं। कुछ लोग इसे काफी अच्छा बता रहे हैं तो कई गु्स्सा जाहिर कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, ऐसे लोग कभी हमें क्यों नहीं मिलते। वहीं एक ने लिखा, कुछ पलों के लिए स्ट्रेस भूलकर जिंदगी एन्जॉय कर लेनी चाहिए। हालांकि कुछ लोगों को ये वीडियो कतई पसंद नहीं आया और उन्होंने इस पर जुर्माना लगाने की बात कर डाली। एक यूजर ने लिखा, मेट्रो स्टेशन की सिक्योरिटी को इस तरह की चीजों पर ऐक्शन लेना चाहिए और जुर्माना लगाना चाहिए। एक दूसरे यूजर ने लिखा, मुझे लगता है दिल्ली मेट्रो में गाना, नाचना और नीचे बैठना मना है।

बता दें, इससे पहले भी दिल्ली मेट्रो के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। पिछले दिनों एक महिला का सीट को लेकर झगड़ने का वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें महिला सीट ना मिलने पर एक शख्स की गोद में बैठ गई थी।