मेरठ। लिसाड़ी गेट के समर गार्डन में निकाह समारोह में दूल्हे की सलामी के दौरान दो युवकों ने महिलाओं पर फब्तियां कस दीं। इसका दुल्हन पक्ष ने विरोध कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते पथराव हो गया। छह राउंड फायरिंग हुई। संघर्ष में दो भाई घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाने पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोपी फरार चल रहे हैं।
समर गार्डन में बृहस्पतिवार रात फारूख की बेटी गुलिस्ता का निकाह था। रोहटा से बरात आई थी। निकाह के बाद सलामी की रस्म पर दूल्हा-दुल्हन के घर पहुंचा। महिलाएं रस्म अदा कर रही थी। इसी दौरान अली व आहत यहां पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं पर कमेंट्स कर दिया। फारूख के भतीजे फैजान व वसीम निवासी ढिकौली ने दोनों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बीच बचाव कर लोगों ने दोनों को बाहर भेज दिया। आरोप है कि अली व आहत ने अपने 25-30 दोस्तों को बुला लिया।
उन्होंने आते ही फैजान, वसीम व अन्य लोगों पर लाठी डंडों व धारदार हथियारों से हमला किया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद पथराव हो गया। एक पक्ष ने फायरिंग भी कर दी। इसमें फैजान चाकू लगने व उसका छोटे भाई ईशान पथराव में घायल हो गया। फायरिंग से अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों के अन्दर छिप गए। सूचना पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
इस दौरान सभी आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल फैजान व ईशान को प्यारे लाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही पकड़कर जेल भेजा जाएगा।