बिजनौर. पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं भाजपा नेत्री बबीता फोगाट रविवार को यहां पहुंची। फोगाट ने बिजनौर में नुमाइश मैदान के निकट स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। माल्यार्पण के बाद बबीता ने कहा कि अब तक वह दस जिलों में भाजपा प्रत्याशियों का प्रचार कर चुकी हैं। भाजपा के लिए गठबंधन कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह ने एक बार बयान दिया था कि जिस गाड़ी के ऊपर सपा का झंडा, उसके अंदर बैठा गुंडा है। लेकिन शायद उनके पुत्र चौधरी जयंत सिंह पर अपने पिता द्वारा कही इस बात का कोई असर नहीं हुआ और सपा से गठबंधन कर लिया।

इसके बाद वह डोर-टू-डोर जनसंपर्क के लिए गांव पृथ्वी मोहल्डपुर पहुंची। यहां उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह के पिता हुकुम सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, कल्याण सिंह, टीकम सिंह और रामेंद्र सिंह समेत पूरे गांव में जनसंपर्क किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रत्याशी सुचि चौधरी, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रोबिन सिंह, राजकुमार, भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।