यूपी। बलिया जिले के बांसडीहरोड क्षेत्र निवासी एक युवती का बीते कई वर्षों से गड़वार थाना क्षेत्र के एक युवक से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ माह पहले युवती ने किसी कारण प्रेमी से बात करना बंद कर दिया। इस बात से नाराज प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका का अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
जानकारी होने पर युवती और उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। युवती ने युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। थानाध्यक्ष राज कपूर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर एक युवक के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।