चंडीगढ़। तीन महीने पहले ही चंडीगढ़ राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क किशनगढ़ की एक कंपनी में नौकरी करने गया बरेली जिले के शास्त्रीनगर का 21 वर्षीय अंश रेस्टोरेंट में खाना खाते वक्त रिवाल्वर की गोली लगने से जान गंवा बैठा।
रेस्टोरेंट कर्मियों के मुताबिक अंश और उसके दोस्त भास्कर ने सेल्फी लेने के लिए रेस्टोरेंट मालिक से उसकी रिवाल्वर ली थी जो अचानक चल गई। हालांकि अंश के पिता ने भास्कर और रेस्टोरेंट मालिक रणदीप सिंह राजू पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह घटना चंडीगढ़ के पिंजौर थाना इलाके के रॉयल गजीबो रेस्टोरेंट में सोमवार रात साढ़े ग्यारह बजे हुई। जहां अंश अपने दोस्त भास्कर के साथ खाना खाने गया था। शास्त्री में रहने वाले कनंधीर सिंह के मुताबिक अंश उनका बड़ा बेटा था जो तीन महीने से चंडीगढ़ की राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क किशनगढ़ की एक कंपनी में कार्यरत था।
वह चंडीगढ़ सेक्टर 38 डी में हरकिशन स्कूल के पास किराए के फ्लैट में रहता था। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को शाम पांच बजे अंश ने अपनी मम्मी को फोन कर बताया कि वह अपने दोस्त भास्कर के साथ खाना खाने जा रहा है और रात करीब 11 बजे तक फ्लैट पर लौट आएगा।