मेरठ। पल्लवपुरम निवासी युवक की कंकरखेड़ा में डिफेंस एंक्लेव कालोनी स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव उतारा। मृतक के स्वजन मौके पर पहुंचे और जानकारी की। पुलिस ने शव मर्चरी पहुंचा दिया।
कंकरखेड़ा थाने की कस्बा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि पल्लवपुरम फेज-दो निवासी 25 वर्षीय गौरव पुत्र सुनील ब्याज का काम करता था। कंकरखेड़ा की डिफेंस एंक्लेव कालोनी में निवासी एक महिला से गौरव की दोस्ती थी। महिला पहले पल्लवपुरम की हाईवे स्थित एक कालोनी में रहती थी। उसके बाद महिला ने डिफेंस एंक्लेव कालोनी स्थित मकान में रहने लगी। मगर, गौरव का महिला मित्र से लगातार मिलना जारी रहा। गौरव के स्वजन भी इसका विरोध करते थे, मगर वह नहीं माना। शनिवार को गौरव महिला मित्र से मिलने उसके पास डिफेंस एंक्लेव कालोनी में गया था।
दारोगा ने बताया कि महिला ने ही कंट्रोल रूम को गौरव के आत्महत्या करने की सूचना दी। जिसके बाद पीआरवी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव फंदे से उतारकर कैलाशी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव मर्चरी पहुंचा दिया। इस प्रकरण में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि महिला ने सूचना आत्महत्या होने की दी थी। पीड़ित स्वजन ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर हत्या और आत्महत्या को लेकर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।