मुजफ्फरनगर। सेना भर्ती के पहले दिन चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में गौतमबुद्धनगर के 11300 युवा दौड़ में शामिल हुए। दौड़ से पहले करीब 500 युवक अंडरहाइट के चलते बाहर हो गए। मैदान में बारिश से कीचड़ होने के चलते युवाओं को परेशानी भी उठानी पड़ी। वहीं दूसरी ओर भर्ती में शामिल होने आए युवाओं ने जनपद में सेना भर्ती की व्यवस्था को अच्छा बताया है।
एक राउंड में 300 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिनमें से केवल 10 से 15 युवक की दौड़ में चयनित किए गए। चयनित युवकों को नुमाइश मैदान में ले जाया गया और वहां पर अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई।
दौड़ से बाहर हुए अधिकारियों ने कहा कि मैदान गीला होने के चलते समय से दौड़ पूरी नहीं कर पाए। सेना भर्ती के आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। वहीं बुधवार को हापुड़ के युवाओं की भर्ती होगी, जिसके लिए युवा जनपद में आने शुरू हो गए हैं। मेरठ रोड स्थित वेदांता फार्म में युवाओं के ठहरने और खाने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।
भर्ती में शामिल होने आए युवाओं ने जनपद में सेना भर्ती की व्यवस्था को अच्छा बताया है। गौतमबुद्धनगर के युवाओं ने कहा कि रात्रि खाने और विश्राम की व्यवस्था बहुत अच्छी थी। युवक सचिन ने कहा कि वह तीसरी भर्ती देने आए। इससे पहले ऐसी व्यवस्था नहीं देखी। पूर्व की भर्तियों में पैसे देकर खाना और रात्रि विश्राम होता था। यहां पर सब निशुल्क है।
युवक रामेंद्र ने बताया कि वह दौड़ में चयनित नहीं हो पाए। इसकी वजह बारिश के चलते मैदान का गीला होना रहा। मैदान में कीचड़ होने के चलते फिसल कर गिर गए, जिसके चलते दौड़ पूरी नहीं हो पाई। वैसे मुजफ्फरनगर में भर्ती की व्यवस्था बहुत अच्छी रही। शौचालय के लिए मोबाइल टॉयलेट जगह-जगह रहे। पेयजल की व्यवस्था भी अच्छी रही।