खबरों के मुताबिक जिला पंचायत के चुनाव में इस बार मुस्लिम समाज ने इतिहास बना दिया है। 43 में 17 जिला पंचायत सदस्य मुस्लिम बने हैं। प्रत्येक वार्ड में जातीय जंग में मुस्लिम अधिक संख्या में जीते हैं। 2015 के मुकाबले जाट, गुर्जर, ब्राह्मण की संख्या घट गई है और सैनी एवं पाल पूरी तरह साफ हो गए हैं।
मुजफ्फरनगर जिला पंचायत के 43 वार्डों में से इस बार 17 वार्डों में मुस्लिम प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम प्रत्याशी जीते हैं। चुनाव जीतने वाले जाट समाज के जिला पंचायत सदस्यों की संख्या इस बार दस है। ठाकुर पांच, गुर्जर एक, त्यागी दो, कश्यप एक, ब्राह्मण दो, अनुसूचित जाति के पांच लोग चुनाव जीते हैं। इस बार की सूची में सैनी, पाल पूरी तरह गायब है।
2015 के जिला पंचायत के चुनाव में मुस्लिमों की संख्या 11 थी, जाट 12 थे, गुर्जर तीन, सैनी तीन, पाल दो, ठाकुर दो, कश्यप एक, ब्राह्मण चार, त्यागी एक चुनाव जीते थे। इस बार के चुनाव में जाट, गुर्जर, ब्राह्मण की संख्या घटी है।