मुजफ्फरनगर। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा तिरंगे के अपमान करने का मामला सामने आया है। दरअसल शहर के शिवचौक पर आयोजित तिरंगा वितरण क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और व्यापारी नेता सुनील तायल फोटो खिंचवाने की होड़ में राष्ट्रध्वज का ही अपमान कर बैठे। फोटो खिंचने के बाद जब वहां मौजूद अन्य नेताओं में उनका ध्यान इस ओर दिलाया, तब तिरंगे को सीधा किया गया। हालांकि, तब तक यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।

अब इसे सत्ता का नशा कहे या फिर फोटो खिंचवाने की होड़, कि भाजपा जिलाध्यक्ष को ही राष्ट्रध्वज तिरंगे के सम्मान का ध्यान तक नहीं रहा। वही, मौके पर मौजूद राहगीर व अन्य लोग भी भाजपा जिलाध्यक्ष व व्यापारी नेता की इस गंभीर गलती को लेकर चिंतन करते नजर आए, कि जब खुद को राष्ट्रवादी कहने वाली भाजपा के जिलाध्यक्ष और व्यापारी नेता को ही फोटो खिंचवाने की होड़ में तिरंगे के सम्मान का ध्यान नहीं है, तो अन्य से क्या अपेक्षा की जा सकती है। उधर इस मामले को लेकर राष्ट्रीय लोकदल नेताओं के तेवर तीखे नजर आए। रालोद नेताओं ने इसे राष्ट्रध्वज का अपमान बताते हुए जिला अध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की है।