मुजफ्फरनगर। रविवार शाम को ईंख के खेत में हाथ-पैर बंधे बेहोश किशोर बरामद होने से पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल किशोरों को बंधनमुक्त कराकर सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा, लेकिन रास्ते में उन्हें होश आ गया। इसके बाद मामले की परत खुली तो स्वजन और पुलिसकर्मी अंचभित रह गए। दोनों किशोरों ने पिटाई से बचने के लिए स्वयं नाटक रचा था।
रतनपुरी क्षेत्र के रहने वाले दो किशोर शनिवार दोपहर को घर से लापता हो गए। किशोर घूमते हुए खतौली थाने के गांव बहापुर में पहुंच गए। यहां पर एक किशोर का पिता किसान के घर नौकरी करता है। रविवार शाम को दोनों रतनपुरी पहुंचे तो स्वजन द्वारा पिटाई करने की आंशका से भयभीत हो गए। इससे बचने के लिए दोनों किशोरों ने गांव के ही अपने एक साथी संग मिलकर नाटक रच दिया। अपने साथी से हाथ-पैर बंधवाकर ईंख के खेत में पड़ गए। जिससे स्वजन की सहानुभूति मिल जाए। साथी गांव में शोर मचवा दिया। इसके बाद स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों को बंधनमुक्त कराकर खतौली सीएचसी में भर्ती के लिए एंबुलेंस से भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही दोनों को होश आ गया। इसके बाद पुलिस दोनों लेकर थाने पर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस ने फटकार लगाकर दोनों को स्वजन के सुपुर्द कर दिया। दोनों किशोरों के स्वजन के मकान जंगल क्षेत्र में बने हुए हैं। थानाध्यक्ष रतनपुरी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों किशोरों ने स्वजन द्वारा पिटाई किए जाने के डर से नाटक किया था। स्वास्थ्य परीक्षण में दोनों स्वास्थ्य मिले हैं। दोनों को स्वजन के सुपुर्द किया गया है।