मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के गांव सीकरी में तालाब से मगरमच्छ निकल आया। मछुआरों ने उसे पकड़कर वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। क्षेत्र के गांव सीकरी में मगरमच्छ निकलने से दहशत फैल गई। मगरमच्छ गांव के एक तालाब से निकल कर खेतों की ओर बढ़ रहा था। बच्चों की नजर उस पर पड़ी तो वे घबरा गए। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को तेजी से खेतों की ओर रेंगता देखा तो मछुआरों को जानकारी दी। मछुआरों ने जाल फेंककर मगरमच्छ को काबू में कर लिया और वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया।
इस दौरान मगरमच्छ गांव में कौतुहल का विषय बन गया। बच्चे भी पकड़े गए मगरमच्छ को देखने पहुंचे। वन रेंजर सिंहराज सिंह ने बताया कि उन्हें गांव सीकरी के तालाब से मगरमच्छ निकलने की जानकारी मिली थी। मगरमच्छ को सोलानी नदी में छुड़वा दिया गया है।