मुजफ्फरनगर. ताजपुर के ग्राम प्रधान ने अनुसूचित जाति के युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। इसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। छपार के मजरा गांव जयभगवानपुर निवासी अनुसूचित जाति के दिनेश पुत्र ओमप्रकाश ने ताजपुर के ग्राम प्रधान शक्तिमोहन सिंह गुर्जर के विरुद्ध कुछ दिनों पूर्व वाट्सएप ग्रुप पर टिप्पणी कर दी थी। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। दस दिन पूर्व रेत्तानगला के पूर्व प्रधान गजे सिंह ने दोनों को अपने घर बुलाकर समझौता कराने का प्रयास किया। इस दौरान प्रधान शक्तिमोहन ने दिनेश की चप्पल से पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी।

आरोप है कि गजे सिंह ने भी दिनेश के साथ मारपीट की। किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने ताजपुर के ग्राम प्रधान शक्तिमोहन व रेत्तानगला के पूर्व प्रधान गजे सिंह के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत अन् धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपित ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। भीम आर्मी ने दी धरने की चेतावनी ताजपुर के ग्राम प्रधान शक्तिमोहन द्वारा दिनेश की पिटाई करने से भीम आर्मी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में रोष है। भीम आर्मी ने शनिवार को छपार थाने पर धरने की चेतावनी दी है।