मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसी में देर रात विवाद के बाद रिटायर फौजी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी फौजी पर फायरिंग कर फरार हो गए। घायल को सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रैफर किया गया। आर्मी हास्पिटल मेरठ में घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दो हमलावरों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बर्थ-डे पार्टी से शुरू हुआ था विवाद
शनिवार रात भैसी गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने जन्मदिन पर पार्टी रखी। इस दौरान गांव निवासी दो युवकों की अनिल मास्टर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौजूद लोगों ने दोनों के बीच समझौता करा दिया। घर पहुंचने पर दोनों युवक तमंचा लेकर मास्टर के घर पहुंच गए और उन्होंने गाली गलौज करते हुए मास्टर को बाहर आने के लिए कहा। युवकों की बात सुनकर अनिल मास्टर का भाई व रिटायर फौजी प्रवीण पुत्र राजेन्द्र घर से बाहर निकल आया। फौजी ने युवकों को समझाने का काफी प्रयास किया। इस दौरान एक पूर्व फौजी पर ही गोली चला दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर पड़ौस के लोग मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान मौका पाकर दोनों आरोपित फरार हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें दबोचने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। गोली लगने से घायल रिटायर फौजी प्रवीण को सीएचसी ले जाया गया। लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। स्वजन के अनुसार प्रवीण का मेरठ स्थित आर्मी हास्पिटल में उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक थाना खतौली संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में प्रवीन तथा भोलू पुत्रगण सुधीर के विरुद्ध जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।