शामली। आगरा से मेरठ-शामली होकर गंगोह तक यूपी रोडवेज की बस का संचालन शुरू हो गया है। वेस्ट यूपी के छह जिलों से गुजरने वाली रोडवेज बसों को आगरा से चलकर सहारनपुर जिले के गंगोह कस्बे तक आने में नौ घंटे लगेंगे। आगरा के फोर्ट डिपो ने संचालन का रूट और बस की समय सारिणी कार्यक्रम शामली रोडवेज डिपो को जारी कर दिया गया है।
आगरा के फोर्ट डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी द्वारा जारी किए गए यूपी रोडवेज बस के कार्यक्रम के मुताबिक यूपी रोडवेज की बस आगरा से सुबह 6.00 बजे चलकर अलीगढ़, बुलंदशहर मेरठ होते हुए शामली दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर पहुंचेगी। सवा तीन बजे गंगोह पहुंच जाएगी।
अगले दिन आगरा के फोर्ट डिपो की यूपी रोडवेज बस गंगोह से सुबह 6.00 बजे चलकर शामली साढ़े सात बजे पहुंचेगी। 9.40 बजे मेरठ होते हुए बुलंदशहर 11.15 बजे और 12.30 बजे अलीगढ़ होते हुए सीधे आगरा 3.15 बजे पहुंचेगी। एआरएम शामली मनोज वाजपेयी और शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने बताया कि आगरा के फोर्ट डिपो का आगरा से मेरठ और शामली होकर गंगोह तक यूपी रोडवेज बस के संचालन का पत्र प्राप्त हो गया है। सहारनपुर जिले के गंगोह-शामली, मेरठ जिले के लिए आगरा जाने के लिए यात्रा की सुविधा होगी। 350 रुपये किराया होगा।
आगरा परिक्षेत्र के आरएम मनोज पुंडीर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बसों के तहत दिल्ली का संचालन शुरू हो जाने के बाद आगरा से बाया मथुरा, दिल्ली-शामली होकर सहारनपुर तक यूपी रोडवेज की बस का संचालन शुरू होगा। अंतरराष्ट्रीय बसों का संचालन बंद होने से यूपी रोडवेज की बस दिल्ली नहीं जा रही है। वह आगरा से मथुरा, दिल्ली बॉर्डर से नोएडा होते हुए शामली सहारनपुर के लिए जल्द एक यूपी रोडवेज की बस का संचालन और करेंगे।