मुज़फ्फरनगर। चंडीगढ़ साइबर क्राइम ने बिजनौर जनपद के धामपुर क्षेत्र में छापामारी की। टीम दो लोगों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। मामला 18 दिनों में विभिन्न बैंक खातों से 21 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन के जरिये धोखाधड़ी करने का बताया जा रहा है।
शनिवार को चंडीगढ़ से आई साइबर क्राइम की टीम एक मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए नींदडू पहुंची। पुलिस ने वांछित नंबर पर कॉल कर व्यक्ति से उसकी लोकेशन की जानकारी ली। कॉल से जानकारी मिलने पर पुलिस टीम धामपुर-नूरपुर मार्ग पर पहुंच गई। जहां से उस व्यक्ति को अपने साथ धामपुर ले गई। पुलिस ने धामपुर से एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। जिसके बाद दोनों को अपने साथ ले गई। दोनों व्यक्ति धामपुर निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि पिछले 18 दिनों में चंडीगढ़ में विभिन्न बैंक खातों से फर्जी तरीके से करीब 21 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया है। इसी सिलसिले में चंडीगढ़ पुलिस पूछताछ के लिए दोनों व्यक्तियों को अपने साथ ले गई।
उधर, थाना कोतवाली धामपुर के प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि चंडीगढ़ से पुलिस आई जरूर थी लेकिन वह किसे अपने साथ ले गई है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।