मुजफ्फरनगर। नोएडा के श्रीकांत त्यागी प्रकरण को लेकर त्यागी समाज के लोगों ने एटूजेड कालोनी स्थित केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान के आवास पर धरना-प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने कहा कि भाजपा सरकार में भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है। श्रीकांत त्यागी और उसके स्वजन को प्रताड़ित किया जा रहा है। श्रीकांत त्यागी की पत्नी से अभद्रता करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई गई है। इस प्रकार के भेदभाव को समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।

प्रदर्शन के दौरान वक्‍ताओं ने कहा कि एक समान गलती पर कार्रवाई भी एक समान होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि श्रीकांत त्यागी के खिलाफ चल रही कार्रवाई को रोका जाए और उनकी पत्नी से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। चेतावनी दी कि यदि इंसाफ नहीं मिला तो आगामी चुनाव में भाजपा का बहिष्कार किया जाएगा। सिटी मेजस्ट्रेट अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास पर पहुंचे धरनारत लोगों को समझाने का प्रयास किया। केंद्रीय राज्यमंत्री के भाई विवेक बालियान ने त्यागी समाज के जिम्मेदारों से मंत्री की बात कराई और उन्होंने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों ने धरना समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने धरना समाप्त करने का अनुरोध अस्वीकार कर दिया।