मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में चल रही सेना की अग्निवीर भर्ती के मद्देनजर बुधवार सुबह बागपत की खेकड़ा तहसील तथा मुरादाबाद के युवाओं ने दौड़ लगाई। भर्ती स्थल से पानी सुखाकर कीचड़ को समाप्त कर दिया गया। बुधवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान युवाओं में उत्साह नजर आया।

वेस्ट यूपी में सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए मुजफ्फरनगर को केन्द्र बनाया गया है। 20 सितंबर से नगर के चौ. चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। जिसमें सहारनपुर, मेरठ तथा मुरादाबाद मंडल के 13 जिलों के विभिन्न तहसीलों के युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। बारिश के चलते दो दिन भर्ती स्थगित रहने के कारण अब 11 और 12 अक्टूबर को भी भर्ती प्रक्रिया चलेगी। बुधवार को बागपत जनपद की खेकड़ा तहसील तथा मुरादाबाद की कांठ, बिलारी और ठाकुरद्वारा तहसीलों के युवाओं ने भर्ती में भाग लिया। देर रात 11 बजे से ही भर्ती स्थ्ल पर युवाओं की एंट्री प्रारंभ हो गई थी। डाक्यूमेंट की जांच के बाद युवाओं को 1600 मीटर दौड़ के लिए चुना गया। मैदान से पानी सुखाने के बाद कीचड़ को भी साफ किया गया था। मैदान में करीब 900 युवाओं ने उत्साह के साथ दौड़ लगाई। बुधवार की भर्ती प्रकिया सांय तक चलेगी।

गुरुवार को मुरादाबाद तहसील तथा अमरोहा की नौगावं सादात और धनौरा के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया चलेगी। भर्ती के लिए युवाओं की एंट्री आज रात से प्रारंभ हो जाएगी। गिनती तथा डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद चयनित अभ्यर्थियों की गुरुवार सुबह से शारीरिक परीक्षा प्रारंभ होगी।