मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के गांव काकड़ा के रोइंग (नौकायान) के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुनीत बालियान ने नेशनल गेम्स गुजरात- 2022 मे गोल्ड मेडल हासिल किया। लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित पुनीत के राष्ट्रीय स्तर पर आठवीं बार गोल्ड हासिल किये जाने से स्वजनों में खुशी है। पुनीत नवम्बर में होने वाली एशियन रोइंग चैम्पियनशिप 2022 में भी प्रतिभाग करेंगे।

शाहपुर के गांव काकड़ा निवासी साधारण किसान जितेंद्र बालियान के पुत्र पुनीत बालियान रोइंग (नौकायान) में एक के बाद एक मुकाम हासिल कर रहा है। गुजरात में 27 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों में पुनीत कुमार पंजाब, राजस्थान व अन्य राज्यों की टीमों के साथ हुए मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता है। राष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों मेडल हासिल करने वाले पुनीत को आठवीं बार गोल्ड मेडल मिला है।

तीन बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल व आठवीं बार राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल मिला है। पुनीत को रोइंग खेल में मेहनत व उपलब्धियों के दम पर लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। 27 नवंबर से होने वाली एशियन रोइंग चैंपियनशिप के लिए भी पुनीत को चयनित किया जा चुका है। इसके लिए पुनीत 10 अक्टूबर से पुणे में इंडिया कैंप में प्रशिक्षण लेगा। राष्ट्रीय स्तर पर आठवीं बार गोल्ड हासिल करने व एशियन चैंपियनशिप में चयन होने पर खेल प्रेमियों व पुनीत के घर खुशी का माहौल बना हुआ है।