मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर से कुकिंग वीजा पर गया युवक इरशद अहमद जापान में लापता हो गया। परिवार को 2 महीने से उसकी कोई खबर नहीं मिली है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की पत्नी ने PM मोदी से मदद की गुहार लगाई है। इरशाद जापान में 13 साल से रह रहा था। 4 महीने पहले ही बच्चों से मिलकर वापस जापान लौटा था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबा विहार, खालापार निवासी मो.इरशाद पुत्र मो. आकिल 13 वर्ष पहले रोजी-रोटी के लिए जापान गया था। पत्नी सरताज बानों ने बताया कि इरशाद जापान के तोशिगी केन ओयामा प्रांत स्थित होटल रोशानी में कुक का काम करता था और 4 महीने पहले ही भारत से वापस जापान लौटा था। बताया कि 8 अगस्त को इरशाद से उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। 9 अगस्त से वह आप लाइन हो गया था और उसके बाद से आज तक उससे कोई संपर्क नहीं हो सका।
सरताज बेगम ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने पति की जानकारी लेने के लिए भारत में स्थित जापान एंबेसी गई थी। वहां से उसे जापान स्थित भारतीय दूतावास में संपर्क करने के लिए कहा गया। बताया कि वह कई बार जापान में भारतीय दूतावास अधिकारियों से बात कर चुकी है, लेकिन अभी तक वहां से न तो कोई सही जवाब मिला और न ही इरशाद का ही पता चल पाया। बताया कि जापान में इरशाद के साथ रहने वालों से भी संपर्क किया गया। लेकिन उनसे भी कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई।
सरताज बेगम और उनके दोनों बच्चों ने पीएम नरेन्द्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई कि वह जापान में गायब उसके पति की तलाश कराएं। उन्होंने कहा कि दो माह से उसके पति का कोईअता पता नहीं है। वे लोग काफी परेशान हैं। भारत में उसकी सास और बच्चे काफी मुश्किल में है। सरताज बेगम ने बताया कि अब एक अंजान डर से बहुत घबरा रही हैं।
रालोद के थानाभवन विधायक अशरफ अली खां ने जापान में स्थित भारतीय दूतावास को ट्वीट कर दो माह से मिसिंग इरशाद की तलाश के लिए मदद मांगी है। अशरफ अली खां ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी कि इरशाद अहमद 9 अगस्त से लापता है, और आज तक उसको कुछ पता नहीं चला।