मुजफ्फरनगर। किसान मसीहा चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत के जन्मदिवस पर आज सिसौली में राजनीतिक दिग्गज ओर हजारों किसान जुटे।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसान मसीहा स्व. महेन्द्र सिंह टिकैत आज भी सभी की प्रेरणा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हक में किये गए उनके संघर्षों से प्रत्येक किसान ऊर्जा ले रहा है। रालोद नेता ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। यही कारण है कि मोरना चीनी मिल का आज तक विस्तारीकरण नहीं हो पाया।

जयंत चौधरी ने यहां जनता को संबोधित करते हुए सरकार पर तंज कसा। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने त्योहारों के बीच जनता को बड़ा उपहार दिया है। कृषि कार्य, माल ढोने वाले वाहनों में सवारी बैठाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी बिठाने पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि एडीजी ट्रैफिक ने सभी जिलों की यातायात पुलिस को नियम उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपए का चालान करने, वाहन सीज करने के निर्देश दे दिए हैं। जयंत चौधरी ने गांव सावटू में 40 बीघा भूमि पर स्पोर्ट्स स्टेडियम बनवाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए 19 अक्टॅूबर से रालोद चीनी मिल गेट पर ही धरना देगी। जयंत चौधरी ने कहा कि जिस दौर में सत्ताधारी अपने कथन पर कायम नहीं रहते उसी दौर में हमे स्व. महेन्द्र सिंह टिकैत और स्व. चौ. चरण सिंह के किसानों के हित में किये गए संघर्षों को याद कर आगे बढ़ना होगा।

गुरुवार को सिसौली के किसान भवन में भाकियू के दिवंगत अध्यक्ष स्व. चौ. महेन्द्र सिंह टिकैत की 87वीं जयंती में पहुंचे आप नेता संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रत्येक वर्ग के हक की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्व. महेन्द्र सिंह टिकैत ने किसानों के हक में जो आवाज बुलंद की उसकी गूंज आज तक सुनी जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों का हक मारकर चंद कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का कुचक्र रचा जा रहा है। लेकिन उसको किसी भी सूरत में पूरा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भाकियू अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत को आश्वस्त किया कि वह उनके कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

चौ. महेन्द्र सिंह टिकैत की 87वीं जयंती पर किसान भवन पर हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें आहुति देकर दिवंगत भाकियू अध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर अजय चौटाला, भाकियू अध्यक्ष चा. नरेश टिकैत, भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता चा. राकेश टिकैत, विधायक राजपाल बालियान, विधायक अशरफ अली खां, रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर आदि शामिल रहे।