मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। उन्होंने अपनी विभिन्न मांगों वाला 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
भाकियू अराजनैतिक के चेयरमैन राजेंद्र सिंह और अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने गन्ना भुगतान कराने व धान खरीदारी में कोई समस्या नहीं आने का भरोसा दिलाया। पहाड़ी क्षेत्रों की चकबंदी कराने, फल सब्जियों, औषधियों के लिए उचित बाजार के अवसर एपिडा के माध्यम से प्रदान करने, फलों के लिए मंडियों में पैक हाउस लगाए जाने, देशी बीजों के संरक्षण का भी आश्वासन दिया। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, सचिव रविंद्र राणा, प्रदेशाध्यक्ष उत्तराखंड सलविंदर सिंह कलसी, उधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह गोराया, करमजीत सिंह, जगपाल सिंह, दिनेश शर्मा, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
1. गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित हो और बकाया भुगतान जल्द कराया जाए।
2. प्रदेश में कोल्ड स्टोरेज यूनिट की स्थापना और प्रसंस्करण इकाइयां को बढ़ावा दिया जाए।
3. सरकारी खरीद केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाए। कृषि विपणन तंत्र को मजबूत किया जाए।
4. राज्य सरकार किसानों के लिए नि:शुल्क बीज उपलब्ध कराए और कृषि उपकरणों की अनुदान राशि बढ़ाएं।
5. आपदा में भूमि का मुआवजा प्रति नाली बढ़ाया जाए।
6. किसानों को प्रथम शासनादेश वर्ष 2000 के सर्किल रेट के अनुसार ही शुल्क जमा कराया जाए।
7. फसल अवशेष जलाने के मामलों में आपराधिक मुकदमे किसानों पर दर्ज न किए जाएं।
8. उत्तराखंड को जैविक खेती प्रदेश का दर्जा देते हुए जैविक कृषि उत्पाद बोर्ड का गठन किया जाए।
9. पहाड़ी क्षेत्रों की अनिवार्य रूप से चकबंदी कराई जाए।