सिखेड़ा। पेपर मिल में डंपर के नीचे दबने से मजदूर की मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर मुआवजे की मांग कर हंगामा किया। बाद में पेपर मिल मालिकों के साथ परिजनों का समझौता हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी राज किशोर पुत्र विनोद कुमार जानसठ-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सिद्धेश्वरी पेपर मिल में ठेकेदार शाहरुख के पास मजदूरी करता था। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ठेकेदार शाहरुख के साथ वह डंपर से यार्ड में वेस्ट पेपर उठा रहा था। इस दौरान शाहरुख डंपर चला रहा था और राज किशोर साइड में खड़ा था। अचानक इसी समय डंपर पलट गया और तब उसके नीचे राज किशोर दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह पेपर मिल में मौजूद क्रेन से डंपर को सीधा करा राज किशोर को बाहर निकाला।
ठेकेदार व मजदूर घायल राज किशोर को उपचार के लिए लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उसे इसी हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन व पुलिस अस्पताल पर पहुंची। काफी ग्रामीण भी वहां जा पहुंचे। ग्रामीणों व परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए कुछ देर हंगामा किया। इसके बाद पेपर मिल व परिजनों में समझौता हो गया। इस दौरान गांव प्रधान भगत सिंह आदि मौजूद रहे।