मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ स्थित कबीर निर्णय आश्रम के स्वामी प्रथकदास महाराज पर बदमाशों ने हमला करके आश्रम से हजारों की नकदी लूट ली। घटना को लेकर तीर्थ नगरी के साधु-संतों में रोष व्याप्त है। पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है।

तीर्थ नगरी में फिरोजपुर मार्ग पर स्थित आश्रम के संस्थापक स्वामी पृथक दास महाराज के पास गुरुवार शाम को एक बदमाश दर्शन करने के बहाने आया था। उसने देर रात को अपने दो और साथियों को आश्रम में बुला लिया। भोजन के उपरांत जब महाराज विश्राम करने लगे, इसी दौरान बदमाशों ने लूटपाट करनी शुरू कर दी। महाराज ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया, जिससे महाराज अचेत हो गए।

इसके बाद बदमाश संदूक के ताले तोड़कर हजारों की नगदी लूटकर फरार हो गए। आश्रम में महाराज अकेले रहते हैं। आगामी 14 अगस्त को आश्रम का वार्षिक उत्सव होना है। जिसके लिए महाराज चंदा एकत्र कर रहे थे। इस घटना से तीर्थ नगरी के साधु-संतों में रोष व्याप्त है।

वहीं शुक्रवार सुबह बराबर वाले आश्रम के महाराज रोजाना की भांति प्रथकदास महाराज से मिलने पहुंचे तो वह अचेत पड़े मिले। फिरोजपुर के प्रधान राजकुमार, पूर्व प्रधान नेमपाल आदि मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पहुंचकर महाराज को अस्पताल में भर्ती कराया। पूर्व प्रधान नेमपाल की ओर से अज्ञात में तहरीर दी गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।