रांची. झारखंड की राजधानी रांची में एक भीषण हादसा हुआ है। दिवाली के दीये से एक बस में भीषण आग लग गई जिसमें जलकर दो लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में बस के चालक और खलासी शामिल हैं। बताया जाता है कि दोनों धधकती बस में जिंदा जल गए। उन्हें भागने का मौका तक नहीं मिला। यह हादसा रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात चालक और खलासी ने बस की पूजा की। इसके बाद बस में एक माटी का दीया जलाया। इसके बाद चालक और खलासी रात में बस में ही सो गए। इस बीच पता नहीं कैसे बस में आग लग गई। दोनों बस से निकल कर भाग पाते, इससे पहले ही बस धधक उठी। देखते ही देखते चालक और खलासी बस में जिंदा जल गए। दिवाली की रात होने के कारण बस स्टैंड में लोगों की भीड़ भाड़ कम थी। बसों की संख्या भी कम थी। दोनों को बचाने के लिए किसी को मौका तक नहीं मिला।

बस स्टैंड में लोगों ने बताया कि यह हादसा रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। जब बस पूरी तरह धधक कर जल रही थी तो लोगों ने इसकी सूचना अग्निश्मन विभाग को दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद पता चला कि बस में दो लोग जिंदा जल गए हैं। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि दोनों चालक और खलासी थे।

पुलिस के अनुसार, जिस बस में यह हादसा हुआ है उसका नाम मूनलाइट बताया गया है। चालक का नाम मदन था और खलासी का नाम इब्राहिम बताया गया है। पुलिस ने हादसे की सूचना बस मालिक और मृतकों के परिजन को दे दिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रांची रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा कि यह हादसा कैसे घटित हुआ। जब बस में आग लगी तो बस चालक और खलासी क्यों नहीं भाग पाए।