मुजफ्फरनगर। निकाय चुनाव को देखते हुए रालोद संगठन को मजबूत बनाने पर लग गई है। संगठनात्मक ढांचा मजबूत बनाने के लिए रालोद ने मुजफ्फरनगर समेत वेस्ट यूपी के आठ जनपदों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिए है। मुजफ्फरनगर में प्रभात तोमर के स्थान पर संदीप मलिक को रालोद का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। प्रभात तोमर को पदोन्नत करते हुए उन्हें सहारनपुर मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। उक्त जिलाध्यक्ष शीघ्र ही अपनी जिला कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
विधानसभा चुनाव के बाद रालोद सुप्रीमाे जयंत चौधरी ने प्रदेश में गठित रालोद कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इससे पहले से नियुक्त पदाधिकारी कार्यवाह के रूप में पार्टी का कामकाज देख रहे थे। रालोद नेताओं ने कुछ दिन पूर्व सपा के साथ ही निकाय चुनाव लड़ने की बात कही थी। रालोद ने भी बाकायदा निकाय चुनाव में कूदने का एलान करते हुए संगठन को धार देने की बात कही थी। इसी के मद्देनजर रालोद प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने क्षेत्रीय एवं मंडल अध्यक्षों की संस्तुति से विभिन्न जिलों में नए अध्यक्षों की तैनाती की घोषणा की है। रालोद प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 8 जनपदों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई है। जिसमें मुजफ्फरनगर में संदीप मलिक को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि मेरठ में मतलूब गौड, शामली में वाजिद अली, मथुरा में राजपाल पंवार, हाथरस में केशव देव चौधरी, बुलंदशहर में अन्नु चौधरी, गौतमबु(नगर में जनार्दन भाटी और बिजनौर में नागेन्द्र पंवार को रालोद जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। बता दे की अभी हाल ही में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर को सहारनपुर मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मुजफ्फरनगर में रालोद जिलाध्यक्ष बनाए गए संदीप मलिक वर्तमान में कॉपरेटिव बैंक में डायरेक्टर है। इससे पहले वह जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके है।