मुजफ्फरनगर। जनपद की जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे का तबादला हो गया है। उनके बाद अब तक अलीगढ डीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे आईएएस चन्द्रभूषण सिंह को मुजफ्फरनगर की कमान सौंपी गई है। अपनी कार्यप्रणाली को लेकर बेहद लोकप्रिय सीबी सिंह ने एक लाचार बुजुर्ग महिला को अपनी मां का दर्जा दिया है। सौ वर्ष की लाचार महिला के जीवित रहने तक सीबी सिंह ने उनकी सेवा करने का प्रण लिया है। वैसे तो सीबी सिंह बुजुर्गों के प्रति बेहद संवेदनशील है, लेकिन बीते नवंबर में अपनी मां के निधन के बाद से उनका दायरा बढ़ गया।

मूलतः प्रतापगढ़ के निवासी चंद्रभूषण सिंह का दिल सौ वर्ष की लाचार बुजुर्ग महिला को अपने आवास के बाहर देखकर पसीज गया। इसके बाद उन्होंने महिला को अपने आवास में बुलाकर कंबल तथा अन्य जरूरी सामान देने के साथ ही उनकी सेवा करने का प्रण किया। उन्होंने इस सौ वर्षीय बेसहारा बुजुर्ग महिला का सहारा बनने का बीड़ा उठाया है। वह महिला को हर महीने अपने वेतन से आर्थिक सहायता के रूप में 2000 रुपए की मदद करते हैं। बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की मदद कर अक्सर चर्चा में रहने वाले चंद्र भूषण सिंह सुर्खियों में रहते हैं। महिला हर महीने उनके पास आर्थिक सहायता के लिए आती है।

बुजुर्ग महिला को ठंड से कांपते देख डीएम चंद्र भूषण सिंह ने तत्काल न सिर्फ 2000 रुपया दिया, बल्कि कंबल व शॉल भी दी। जिससे महिला का ठंड से बचाव हो सके। बुजुर्ग महिला के अनुसार डीएम चंद्र भूषण सिंह हर महीने 2000 रुपए की आर्थिक मदद करते हैं। यही नहीं, वह जब भी उनके पास आती है, तो रुपए-पैसे के अलावा कुछ न कुछ मदद अवश्य करते हैं. महिला ने कहा कि जिलाधिकारी, एक बेटे के रूप में मदद करते हैं और वह भी उन्हें अपना बेटा मानती हैं।

बुजुर्ग महिला के अनुसार उसके परिवार में दो बेटे और दो बहुएं थीं। एक बेटा और दोनों बहुओं की मौत हो गई है। एक बेटा दिव्यांग है। इसी वजह से महिला आर्थिक तंगी का शिकार थी। जब डीएम को इस महिला के बारे में पता चला तो उन्होंने उसे आजीवन 2000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वचन दिया है। महिला ने कहा कि डीएम अलीगढ़ ने उनको जो सहारा दिया उसको वह मरते दम तक नहीं भूल पाएंगी।