मुजफ्फरनगर। खतौली उपचुनाव की भाजपा की प्रत्याशी का नाम तय हो गया है। आज उनके नाम की अधिकृत घोषणा होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने खतौली उपचुनाव समेत प्रदेश में होने जा रहे तीनों उप चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए है और यह सभी चयनित नाम दिल्ली भेज दिए गए है। जहां से आज इनके नामों की घोषणा होने की संभावना है। 17 तारीख तक नामांकन भरने का अंतिम समय बाकी है।

भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार मुजफ्फरनगर की खतौली सीट से राजकुमारी को भारतीय जनता पार्टी अपना प्रत्याशी बना रही है। राजकुमारी इस सीट से विधायक रहे विक्रम सैनी की पत्नी है। जिन्हें पार्टी अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है।

आपको बता दें कि विक्रम सैनी दो बार से इस सीट पर विधायक थे। लेकिन मुजफ्फरनगर दंगे के मामले में सजा पाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। जिसके कारण उपचुनाव कराए जा रहे है।