मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में भाकियू के पूर्व प्रदेश सचिव चांदबीर सिंह फौजी और जिला सचिव रहे संजीव राठी ने भाकियू छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पटका पहनाकर उनका भाजपा में अभिनंदन किया।
बुधवार को दौलतपुर निवासी चांदवीर फौजी ने कहा था कि भारतीय किसान यूनियन का गठन देश के महान किसान नेता स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने देश के किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए किया था। किसान मसीहा ने हमेशा अराजनैतिक रहने का संकल्प लिया था।
मेरे भाई स्वर्गीय चंद्रपाल फौजी लंबे समय तक भाकियू से जुड़े रहे। लेकिन अब वह संगठन के साथ विचार न मिलने के कारण भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव पद से अपना त्यागपत्र दे रहे हैं। उधर, जिला सचिव संजीव राठी ने भी पद से त्याग पत्र दे दिया था। दोनों ने बृहस्पतिवार को खतौली में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के सामने भाजपा की सदस्यता ली।