मुजफ्फरनगर। जनपद की खतौली विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए राष्ट्रीय लोकदल पूरी जोर आजमाइश करने में जुटा है। उपचुनाव से पहले रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह पिछले कई दिन से खतौली विधानसभा क्षेत्र में ही डेरा डाले हुए हैं। इस बीच चुनाव में गडबडी की आशंकाओं पर जयंत चौधरी ने बडा बयान दिया है।

गुरुवार को जयंत चौधरी ने खतौली क्षेत्र के कई गांवों में नुक्कड़ जनसभाएं की और ग्रामीणों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेराई सत्र चल रहा है। भाजपा आखिर ये बताए कि गन्ना मूल्य क्यों घोषित नहीं किया गया। खतौली उप चुनाव के लिए रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह ने सठेड़ी, लोहड्डा समेत कई गांव में नुक्कड़ सभाएं की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। नीति और नियत में फर्क है। पेराई सत्र चल रहा है, लेकिन अभी तक गन्ना मूल्य क्यों घोषित नहीं किया गया है।

इस दौरान दैनिक अमरीश समाचार बुलेटिन के सह संपादक ओर एएसबी न्यूज इंडिया के निदेशक अमरीश बालियान से विशेष बातचीत में जयंत चौधरी ने कहा कि सीएम योगी ने अपनी जनसभा में गन्ना किसानों का जिक्र तक नहीं किया। उन्होने कहा कि मैं मुख्यमंत्री जी से पूछा चाहता हूं कि उन्हें गन्ने से इतनी नफरत क्यों हैं. गन्ने की खेती कर रहे किसानों से इतनी चिढ़ क्यों है। खतौली उपचुनाव में गडबडी की आशंका पर भी जयंत चौधरी ने बडा बयान दिया। नीचे क्लिक कर देखें जयंत चौधरी के बयान का पूरा वीडियो

नुक्कड सभाओ को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा साफ नहीं है। किसान-मजदूर और महिलाएं भाजपा सरकार में दुखी हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला है। सपा-रालोद और आसपा गठबंधन आमजन के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है। बढ़ती महंगाई का भाजपा जिक्र नहीं करती। भाजपा के लोग जनता को जवाब दें कि महंगाई क्यों बढ़ रही है। रोजगार के अवसर क्यों कम हो रहे हैं।