मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा के उपचुनाव के के लिए सोमवार सुबह से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। रविवार शाम तक शाम तक मतदान कर्मी 369 बूथों पर पहुंच गए थे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक कराया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

खतौली में 369 बूथ हैं, इनमें प्रत्येक बूथ पर एक महिला कर्मचारी लगाई गई है। महिला वोटरों की पहचान करने के लिए यह व्यवस्था की गई।

खतौली उप चुनाव में तीन लाख 12 हजार 446 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 67 हजार 79 पुरुष और एक लाख 45 हजार 348 महिला मतदाता हैं। 171 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जबकि 369 बूथ हैं।

उप चुनाव के लिए खतौली विधानसभा का मैदान सज चुका है। आज 14 प्रत्याशियों के बीच चुनाव होगा। सियासी गलियारों में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी और गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक मदन भैया के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। दोनों राजनीतिक दल दिनभर अपने-अपने बूथ मैनेजमेंट में जुटे रहे। मतदान के दिन के लिए प्रत्याशियों और समर्थकों ने रणनीति बनाई।

खतौली में राजनीतिक दलों के दावों और वादों के बाद अब जनता के फैसले की बारी है। सोमवार को जनता अपना फैसला ईवीएम का बटन दबाकर करेगी। नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे। निवर्तमान भाजपा विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी ने समर्थकों और संगठन के लोगों के साथ बूथ मैनेजमेंट पर फोकस किया।

दूसरी और सपा-रालोद और आजाद समाज पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व विधायक मदन भैया ने भी रणनीति तैयार की। दोनों राजनीतिक दलों ने विधानसभा के 369 बूथों के बस्ते तैयार कराकर कार्यकर्ताओं को भिजवाए। दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने का अनुमान सियासी गलियारों में लगाया जा रहा है।