मुजफ्फरनगर । नगर पालिका के वार्ड आरक्षण को लेकर कुछ लोग संतुष्ट नहीं हैं। काफी उम्मीदवारों के वार्ड का आरक्षण बदल गया है। वार्ड आरक्षण को लेकर नगर पालिका में करीब 30 से अधिक आपत्तियां आयी हैं। वहीं अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर अभी कोई आपत्ति नहीं आयी है।
नगर पालिका का सीमा विस्तार करते हुए 11 गांव को पूर्ण रूप से शामिल किया गया है। इन 11 गांव के शामिल होने पर नगर पालिका में पांच वार्डों की बढ़ोतरी हुई है। अब नगर पालिका में 55 वार्ड हो गए है। निकाय चुनाव के लिए शासन स्तर से 55 वार्डों का प्रस्तावित आरक्षण जारी किया गया है। जिसमें से 19 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए है। जिसमें 2 वार्ड अनुसूचित जाति महिला, 12 वार्ड सामान्य महिला और 5 वार्ड पिछड़ा वर्ग महिला के शामिल है।
इसके अलावा अनुसूचित जाति के 3 वार्ड, पिछड़ा वर्ग के 9 और अनारक्षित के लिए 24 वार्ड आरक्षित किए गए है। वहीं आपत्ति दर्ज कराने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। नगर पालिका में वार्ड आरक्षण को लेकर अभी तक करीब 30 से अधिक आपत्तियां आ चुकी है। बताया जा रहा है कि हर दूसरे वार्ड को लेकर आपत्तियां आ रही हैं।