मुजफ्फरनगर। खुशहाली की उम्मीद लेकर आई नई सुबह। उमंगों से भरे मन में सज रहे हैं भविष्य के सपने। पिछली बातों को भुलाकर आज नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का दिन। खुद के लिए तय करें लक्ष्य और हासिल करने के लिए करें कड़ी मेहनत। पहले ही दिन से सफलता की तरफ बढ़ाए अपने कदम। सपनों को साकार करने के लिए योजना बनाए और मंजिल हासिल होने तक आगे बढ़ते चले जाएं। उम्मीद के रथ पर सवार हैं जिले के लोग।

ग्रीन कॉरिडोर के जंक्शन बुटराड़ा से खतौली तक नए हाईवे के निर्माण की तैयारी है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रस्ताव पर एनएचएआई ने प्रक्रिया शुरू की है। उम्मीद है कि इस साल हाईवे का तोहफा मिलेगा।

जिले से होकर गुजर रहे कॉरिडोर का काम इस साल पूरा होने की उम्मीद है। होली से पहले ही ट्रायल के लिए गाड़ियां दौड़ेंगी। छह राज्यों से होकर गुजरने वाला यह कॉरिडोर जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

इस साल मेरठ-करनाल हाईवे का काम पूरा हो जाएगा। जिले के लोगों का आवागमन आसान होगा। जिले को मेरठ, बागपत, शामली से जोड़ने वाले हाइवे पर कार्य लंबे समय से चल रहा है। इस साल काम पूरा हो जाएगा।

काकड़ा से सिसौली तक जाने वाले रास्ते का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस साल काम पूरा हो जाएगा। सिसौली से मुजफ्फरनगर आवागमन आसान हो जाएगा।

मोरना क्षेत्र के किसान लंबे समय से चीनी मिल के दोहरीकरण की मांग कर रहे हैं। किसानों को उम्मीद है कि इस साल उम्मीद है कि मिल का दोहरीकरण होगा। विधानसभा में भी यह मामला गूंज चुका है।

पानीपत-खटीमा हाईवे के दूसरे और तीसरे चरण का निर्माण चल रहा है। इस साल उम्मीद है कि दूसरे चरण का कार्य पूरा हो जाएगा। निर्माण पूरा होने से यहां से आवागमन कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने पुरकाजी से लक्सर तक हाईवे निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए सर्वे कार्य भी किया गया। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस साल यह कार्य परा हो जाएगा।

जिले से होकर गुजर रही गंगनहर पर पुलिस निर्माण को हरी झंडी मिल चुकी है। काटका के पास बड़े पुल का निर्माण इस साल पूरा होने की संभावना है। दो पुल गंगनहर पर निर्माणाधीन है, जिन कार्य भी पूरा होने की संभावना है।

लंबे समय से पुरकाजी और सिसौली को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग उठ रही है। दोनों कस्बे के लोगों को उम्मीद है इस साल तहसील बनाए जाने की मांग पूरी हो जाएगी। भाजपा नेताओं ने तहसील बनवाने की घोषणा की थी।

लंबे समय से फुुगाना से लालूखेड़ी मार्ग के चौड़ीकरण की मांग चल रही है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस साल मार्ग का चौड़ीकरण हो जाएगा। यह मार्ग मेरठ-करनाल हाईवे और पानीपत-खटीमा हाईवे को जोड़ता है।

शहर का रेलवे स्टेशन भव्य बनाया गया है। राजस्थान के पत्थर से तैयार यह रेलवे स्टेशन जिले की जनता के लिए उपहार है। 12 करोड़ की लागत से स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। नये वर्ष में इस रेलवे स्टेशन का लोकार्पण होगा।

नवीन मंडी स्थल पर ई व्यापार के लिए तैयार की गई ई-नाम की बिल्डिंग का लोकार्पण होगा। मंडी के व्यापार हिंदुस्तान में अपना उत्पाद कहीं भी बेच सकेंगे।

नई मंडी में रेलवे लाइन से सटी भूमि पर बनाया गया पार्क जनता को समर्पित होगा। यह पार्क में शहर में अब तक का सबसे अच्छा पार्क बनाया गया है। नगर पालिका और जनता दोनों का इसमें सहयोग लिया गया है।

राजकीय इंटर कॉलेज में शहर का सबसे बड़ा सभागार 2023 में बनने जा रहा है। इस सभागार का खर्च एमडीए उठाएगा। डीएम सीबी सिंह ने बताया कि यह शहर का भव्य और अब तक का सबसे बड़ा सभागार होगा, जिसमें 500 लोग एक साथ बैठ सकेंगे।

मेरठ के सरधना से बुढ़ाना और एलम से होते हुए पानीपत जाने वाली रेलवे लाइन को इसी वर्ष मंजूरी मिलेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने बताया कि इसकी डीपीआर बनकर तैयार हो चुकी है।

आरआरटीएस मेरठ के बाद मुजफ्फरनगर तक लाने के लिए सर्वे के आदेश हो गए है। डॉ संजीव बालियान के प्रयास से केंद्र ने इसकी मंजूरी दी है। इसके लिए रेलवे लाइन को मुजफ्फरनगर तक मंजूरी मिल सकती है।

नये साल में मुजफ्फरनगर से चरथावल को होते हुए थानाभवन तक जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण होगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए अनुमति दे दी है। इस पर जल्द ही कार्य शुरू हो सकता है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के खालापार में नए थाने का निर्माण होगा। लंबे समय से खालापार में नया थाना बनाए जाने की मांग चल रही थी। प्रदेश सरकार ने इसे स्वीकृति दी है। नए साल में इसका निर्माण हो सकता है।

लंबे समय से शहर के बीच जिला कारागार को शिफ्ट किए जाने की योजना है। भोपा रोड पर जमीन भी चिह्नित की जा चुकी है। लोगों को उम्मीद है कि इस साल शहर के बीच जिला जेल बाहर चली जाएगी।

शहर के बीच भीड़ भरी जगह पर बस अड्डा संचालित है। लोगों को उम्मीद है कि इस साल नए बस अड्डे से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे शहर में जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।

शहर के बीच में मेरठ-रुड़की रोड के निर्माण की उम्मीद जग रही है। विकास प्राधिकरण के सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अतिक्रमण हटने के बाद यहां मार्ग के निर्माण की उम्मीद है।